ट्राइडेंट, जेबीएम और एलएंडटी जैसी कंपनियों ने युवाओं का किया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आईटीआई चंबा में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। देशभर के 100 स्थानों पर आयोजित मेले में चंबा भी शामिल रहा। इसमें करीब 150 युवाओं और युवतियों ने भाग लिया।
मेले के दौरान अप्रेंटिसशिप के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करवाए गए। एनएचपीसी के उप महाप्रबंधक इंजीनियर प्रवेश कुमार मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम में एनएचपीसी चरण-दो व तीन, एचआरटीसी, जिला रोजगार कार्यालय, बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय जीवन बीमा निगम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ट्राइडेंट ग्रुप पंजाब, जेबीएम ग्रुप, आनंद ग्रुप और एलएंडटी जैसी कंपनियों ने युवाओं का चयन किया।
संस्थान के प्लेसमेंट प्रभारी राजेश भल्ला ने बताया कि ट्राइडेंट ग्रुप ने 20 युवतियों को रोजगार के अवसर दिए। चयनित युवतियों को निशुल्क छात्रावास सुविधा के साथ पहले वर्ष 18 हजार और एक वर्ष बाद 25 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। जेबीएम ग्रुप ने आठ और एलएंडटी ने 10 युवाओं का चयन किया। एलएंडटी में पहले वर्ष 19,400 और एक वर्ष बाद 24,800 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
प्रधानाचार्य विपन शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा अप्रेंटिसशिप अधिनियम-1961, प्रशिक्षुता प्रोत्साहन और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी दी। मुख्य अतिथि प्रवेश कुमार ने कहा कि एनएचपीसी हर वर्ष युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवा रही है।