चंबा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर चूड़ी में हाईवे का 15 मीटर हिस्सा वीरवार शाम 4:00 बजे रावी में जलमग्न हो गया। हाईवे पर अब महज छोटे वाहनों की ही आवाजाही हो पा रही है। हाईवे के क्षतिग्रस्त होने से भरमौर और होली में एचआरटीसी और निजी बसों समेत 24 गाड़ियां फंस गई हैं। अपने गंतव्य की ओर निकालीं सवारियों को अब चूड़ी के पास उतारकर दूसरे छोर पर खड़ी अन्य बसों के जरिये ही आगे भेजा जा रहा है।
एनएच प्रबंधन के अधिकारी भी अब इस स्थान पर जलमग्न हुए हाईवे के हिस्से में आगामी कुछ दिनों मेें ही कार्य पूरा होने का दावा कर रहे हैं। हाईवे पर चंबा से भरमौर के लिए सफर करना अब लोगों के लिए एक बार फिर से चुनौतीपूर्ण हो गया है। जिले में बारिश के चलते वीरवार सुबह 46 सड़कों पर वाहनों के पहिये थम गए। वाहनों के पहिये थमने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों को मीलों पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय मशीनरी और लेबर ने कड़ी मशक्कत से देरशाम तक 31 सड़कों को बहाल किया। अभी भी सलूणी के 7, तीसा और भरमौर के 3-3 और पांगी की दो सड़कों समेत शेष 15 सड़कों पर रफ्तार थमी है। भारी बारिश से भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत आती नौ पेयजल योजनाओं के बाधित होने से सैकड़ों गांवों में पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है जबकि, चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत आते दो ट्रांसफार्मर बंद होने से कई परिवार अंधेरे में ही गुजर-बसर करने को विवश हैं।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि जिले में बाधित सड़कों समेत पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारु करने के लिए विभागीय टीमें मौके पर डटी हुई हैं। मौसम की मार के चलते बार-बार सेवाएं बाधित हो रही हैं। ऐसे में विभागीय टीमें जल्द सेवाओं को सुचारु करने के लिए प्रयासरत हैं।