चंबा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत चंबा विधानसभा क्षेत्र में 14 ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है। इन सड़कों की कुल लंबाई 54.6 किलोमीटर होगी और निर्माण पर लगभग 80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सदर विधायक नीरज नैयर ने कहा कि यह योजना क्षेत्र के दूरदराज गांवों के लिए आवागमन की दृष्टि से एक बड़ी सौगात साबित होगी। इन सड़कों में द्रवाला 10.7 किमी, सानोथा 4.3, साच से फतेहपुर 3.3 और ननू सड़क 1.8 किमी होगी। इसके अलावा द्रडा-सेरू सड़क 3 किमी, घरग्राम 8.2, घतरेड़ 3.2, घांनजुम, रुंडेगा 1.5, बसौधन 2.3, मंगला ओहली-भरियां-खपरा और झहरें 2.3, मानकोट 3.9, चंबा-मलूना-कठना 3.6 किमी और रजेरा से बैली सड़क 4.5 किमी होगी।
इसके अतिरिक्त इन सड़कों के रखरखाव के लिए 4.87 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। विधायक नीरज नैयर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय ग्रामीण और विकास मंत्री शिवराज चौहान और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये सड़कें न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ेंगी बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों और जीवन स्तर में सुधार भी लाएंगी।