चंबा।
जिले के विद्यार्थी विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान में कमजोर हैं। इस बात का खुलासा एनसीईआरटी की ओर से तीसरी, पांचवीं और आठवीं के छात्र-छात्राओं पर किए गए एचीवमेंट सर्वे से हुआ है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सरू में मंगलवार को हुई मासिक समीक्षा बैठक में शिक्षा के स्तर पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता डाईट सरू के प्रधानाचार्य सुमन कुमार मिन्हास ने की। बैठक में बीआरसीसी, बीईईओ और ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर ने भाग लिया। बैठक में नेशनल एचीवमेंट सर्वे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि नवंबर में एनसीईआरटी की ओर से तीसरी, पांचवीं और आठवीं के छात्र-छात्राओं का विज्ञान, गणित और सोशल साइंस में सर्वे किया था। इसकी रिपोर्ट आ गई है।
इस रिपोर्ट में इन कक्षाओं के विद्यार्थी बेहद कमजोर पाए गए है। बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे बच्चों की अतिरिक्त कक्षाएं अप्रैल, मई, जून में कक्षाएं लगाई जाएंगी। इससे कमियों को पूरा किया जाएगा।
बैठक में दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा शाला सिद्दि को लेकर भी उठा। इस प्रोजेक्ट का मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से चलाया जा रहा है। इसमें स्कूल मूल्यांकन करेंगे और डाटा ऑनलाइन भरेंगे। साथ ही तीन साल का स्कूल डवेल्पमेंट प्लान भी तैयार करेंगे। मिन्हास ने बताया कि डाईट सरू की ओर से एक इनोवेशन तैयार की गई। इसे स्वीकृति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। इसके तहत मुस्लिम समुदाय के बच्चों को स्कूलों लाने के लिए सर्वे किया जाएगा।
इसके अलावा मदरसों को भी पंजीकृत किया जाएगा। बैठक में सर्व शिक्षा अभियान और आरएमएसए के तहत स्कूल स्तर पर दी गई ग्रांट को लेकर चर्चा की गई। इसका ब्योरा तलब किया गया। साथ ही इसका उपयोगिता प्रमाण पत्र 31 मार्च तक स्कूलों से मांगा गया है। इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।