चंबा।
स्थानीय सब्जी बाजार का जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा की टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने सब्जी की दुकानों में रेट लिस्ट जांची। निरीक्षण के दौरान कुछ सब्जी की दुकानों में रेट लिस्ट नहीं पाई गई। इस पर विभाग ने सख्त हिदायत देते हुए जल्द से जल्द रेट लिस्ट लगाने के आदेश दिए।
विभागीय टीम ने स्पष्ट किया है कि विभाग की ओर से समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। यदि किसी दुकान से रेट लिस्ट गायब होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम के औचक निरीक्षण के दौरान समस्त सब्जी विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। औचक निरीक्षण की अगुवाई जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र सिंह नरयाल ने की। जबकि चंबा ब्लॉक के निरीक्षण अजय कौंडल और मैहला ब्लॉक के निरीक्षक रामस्वरूप शर्मा भी मौजूद रहे। विभागीय टीम ने सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिए है कि दुकानों में गत्ते की रेट लिस्ट नहीं चलेगी। सब्जी विक्रेता रेट लिस्ट के लिए चार्ट या फिर बोर्ड का निर्माण करवाएं। अन्यथा विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम की ओर से औचक निरीक्षण करने का मकसद उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाना है। ताकि सब्जी विक्रेता उपभोक्ताओं से अधिक पैसे वसूलकर उन्हें चूना ना लगा सके।
विज्ञापन
गौरतलब है कि शहर में सब्जी विक्रेताओं की काफी दुकानें है। औचक निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कुछ दुकानों में अस्थायी रेट लिस्ट(गत्ते) की लगी हुई थी। इस पर टीम ने सख्त निर्देश जारी करते हुए चार्ट या बोर्ड की रेट लिस्ट लगाने की बात कही।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक चंबा विजयेंद्र नरयाल ने बताया कि सब्जी विक्रेताओं की रेट लिस्ट जांची गई। कुछ दुकानों में गत्ते की रेट लिस्ट पाई गई। संबंधित दुकानदारों को चार्ट या बोर्ड की रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों की अवहेलना पर सब्जी विक्रेताओं के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।