खनन अधिकारी समेत एसडीएम चंबा व एसडीएम सलूणी ने मंगलवार को अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत रावी नदी को जाने वाली अवैध सड़कों को बंद किया गया। जिसके लिए लोनिवि व एनएच की मशीनों का उपयोग किया।
इसके अलावा रावी नदी में अवैध खनन में जुटे सभी लोगों के चालान काटे गए। एसडीएम चंबा की अगुवाई में खनन विभाग की टीम ने करियां, टीआरटी, बग्गा डैम, चूड़ी पुल, कंदला सहित अन्य स्थानों में जाकर रावी नदी को जाने वाले अवैध सड़कों को बंद करवाया गया।
साथ ही वहां पर नोटिस बोर्ड भी लगाए गए ताकि कोई भी दोबारा से वहां पर सड़क का निर्माण नहीं करवा सके। करियां के टीआरटी में जब विभागीय टीम रावी नदी को जाने वाली अवैध सड़क को बंद कर रही थी। उसी दौरान कुछ खनन माफिया व उनके समर्थकों ने वहां पर हल्ला मचाने की कोशिश की।
साथ ही विभागीय कार्रवाई में बाधा पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस बल के सहयोग से हुड़दंगियों को वहां से हटाकर अवैध सड़क को बंद किया गया। साथ वहां पर मौजूद लोगों को हिदायत दी गई कि अगर दोबारा यहां पर कोई भी सड़क बनाता हुआ पकड़ा गया तो सड़क निर्माण में लगी गाड़ियों को जब्त किया जाएगा।
साथ ही गाड़ी मालिक के खिलाफ ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा एसडीएम सलूणी विजय कुमार धीमान की अगुवाई में खनन विभाग की टीम ने सुंडला, सुरंगानी व सरला में नदी को जाने वाली अवैध सड़कों को बंद किया गया। जिनका इस्तेमाल अवैध खनन को अंजाम देने के लिए हो रहा था।
अवैध खनन के खिलाफ हुई कार्रवाई : खनन अधिकारी
जिला खनन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि खनन विभाग ने प्रशासन के साथ मिलकर अवैध खनन को रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिसके तहत मंगलवार को करीब एक दर्जन अवैध सड़कों को बंद किया गया। जिनका इस्तेमाल अवैध खनन के लिए हो रहा था। इस कार्रवाई के बाद अगर कोई भी व्यक्ति बंद की गई सड़क को बनाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।