शहर में सार्वजनिक शौचालय के बाहर और गंदी नालियों के ऊपर सब्जी बेच रहे विक्रेताओं पर उपायुक्त के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कस दिया है।
सोमवार को प्रशासनिक बैठक के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने नालियों के ऊपर से करीब 12 क्विंटल सब्जी जब्त की। जबकि इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले आठ फल सब्जी विक्रेताओं के चालान काटे गए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद ने बताया कि पिछले काफी समय से चंबा शहर में शौचालय, नालियों व कूड़ेदान के समीप रेहड़ी फड़ी धारकों द्वारा खाद्य पदार्थ जैसे सब्जी व फल इत्यादि बेचे जा रहे थे। जो कि लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से सरासर खिलवाड़ है।
दीपक आनंद ने बताया कि चंबा में कोषागार के समीप सुलभ शौचालय के पास खुले नाले के ऊपर फल सब्जी बेचने वालों को कड़ी हिदायत दी गई है। भविष्य में इस स्थान पर वह सब्जी बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गर्मियों के मौसम में पीलिया रोग की रोकथाम के लिए छेड़े गए इस अभियान को आगामी भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। इसके अलावा इस अभियान में एएसएचओ पुलिस थाना चंबा सकीनी कपूर, सिटी पुलिस चौकी के एएसआई प्रभारी मदन लाल सहित नगर परिषद चंबा का स्टाफ भी मौजूद रहा।