तीसा (चंबा)। चंबा-सनवाल मार्ग में बदहाल सड़क पर निजी बस चालक की लापरवाही के बावजूद बड़ा हादसा होेने से टल गया। चालक ने धंसी सड़क से बस को जबरन निकालने की कोशिश की, जिससे वह ढांक में लटक गई। गनीमत रही कि इससे पहले बस की सभी सवारियां उतर चुकी थीं। मामला जुकयाणी घार के पास का है। बस सोमवार सुबह सवा छह बजे सनवाल से चंबा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जुकयाणी घार के पास सड़क का डंगा धंस गया। हालांकि वहां से जा रही एचआरटीसी बस के चालक ने बस गुजारने से मना कर दिया। मगर निजी बस चालक जोखिम लेकर बस को जबरन वहां से ले जाने का प्रयास किया।
इस कारण घार के बीच में बस के भार से सड़क का डंगा धंस गया। इससे बस हवा में लटक गई। हालांकि इस दौरान बस में कोई भी सवारी नहीं थी। चालक ने बस में सवार 15 सवारियों को पहले ही उतार दिया था। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी। अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। चार घंटे बाद हवा में लटकी बस को जेसीबी के जरिये सुरक्षित निकाला गया। मौके पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि यह घटना ड्राइवर की लापरवाही से हुई है। जुकयानी घार पर पहले भी गाड़ी का एक्सीडेंट हो चुका है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। मगर अभी तक घार में संबंधित विभाग ने वाहनों की आवाजाही के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। इसकी वजह से यहां आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। एसडीएम हेमचंद वर्मा ने बताया कि डंगा धंसने से निजी बस हवाल में लटक गई। लोनिवि की जेसीबी से बस को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।