खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा की ओर से शुक्रवार को की गई यह कार्रवाई
विभागीय कार्रवाई से दुकानदारों में मचा हड़कंप, सभी दुकानें टीम ने जांची
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शहर के मुख्य बाजार सहित, बालू और सुल्तानपुर में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक तौर पर प्रयोग करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कस दिया है।
टीम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। 11 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए। टीम ने इन्हें जब्त कर लिया है।
यह निरीक्षण विभागीय निरीक्षक मनोज कुमार की अगुवाई में किया गया। करीब अस्सी से ज्यादा होटलों समेत ढाबों और रेस्तरां में दबिश दी गई। 11 दुकानों में घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए। गौरतलब है कि दुकानदार पैसे बचाने के लिए दुकानों में व्यावसायिक सिलिंडर के बजाय घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करते हैं। यह नियमों के विरुद्ध है। अब विभाग की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे और जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद विभाग की ओर से जुर्माना भी किया जाएगा।
पिछले तीन माह के आंकड़े के अनुसार विभाग की ओर से हर माह औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत अब तक करीब तीस से अधिक घरेलू सिलिंडर जब्त किए जा चुके है। संबंधित दुकानदारों को जुर्माना भी किया गया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ठाकुर ने बताया कि शहर के मुख्य बाजार समेत बालू और सुल्तानपुर औचक निरीक्षण के दौरान 11 घरेलू सिलिंडर जब्त किए गए हैं। घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने वाले दुकानदारों को नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद जुर्माना किया जाएगा। अगर दुकानदार जुर्माना नहीं भरते हैं तो उनके सिलिंडर स्थायी तौर पर जब्त कर लिए जाएंगे।