चंबा। सोमवार को घोषित हुए दसवीं के वार्षिक परीक्षा में जिले के सरकारी स्कूल फिसड्डी साबित हुए हैं। जिले के सरकारी स्कूलों का कोई भी छात्र दसवीं बोर्ड परिणाम की मेरिट सूची में जगह नहीं बना पाया है। जबकि, निजी स्कूल के दो विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाकर जिले समेत अपने स्कूलों के नाम का परचम लहराया है। गौरतलब है कि जिले में सरकारी स्कूलों की संख्या निजी स्कूलों की अपेक्षा काफी अधिक है। इसके बावजूद सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन आशा के अनुरूप नहीं है। हालांकि दुर्गम क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी इसका मुख्य कारण है। इस वजह से बच्चे अपनी पढ़ाई उचित तरीके से पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
इसमें ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल सिहुंता की छात्रा नाशिका ने मेरिट सूूच में 685 अंक हासिल कर सातवां स्थान हासिल किया है। इसी तरह राइजिंग स्टार स्कूल चंबा की छात्रा अनन्या सूरी ने सात सौ में से 684 अंक हासिल आठवां स्थान झटका है। स्कूली बच्चों की इस उपलब्धि को लेकर निजी स्कूल प्रबंधक गदगद हैं। मगर किसी भी सरकारी स्कूल के विद्यार्थी का टॉप टेन में शुमार न होने के चलते व्यवस्था पर सवालिया निशान लगे है।
सरकार के बेहतर सुविधाएं और पढ़ाई के लिए खुशनुमा माहौल स्कूलों में उपलब्ध करवाया जा रहा है। साथ ही योग्य अध्यापकों की तैनाती भी की है। मगर बोर्ड परीक्षाओं में इस तरह सरकारी स्कूल का कोई भी विद्यार्थी मेरिट सूची में नहीं आया है। कुल मिलाकर चंबा जिले के दो निजी स्कूलों के विद्यार्थियों का मेरिट सूची में स्थान पक्का करना बड़ी उपलब्धि है।