नगाली पंचायत के किसानों को सिंचाई के लिए नहीं मिल रहा पानी
उठाऊ सिंचाई योजना की पाइपें सड़ने से दो माह से नहीं आ रहा पानी, किसानों की फसलें हो रही प्रभावित
सूखने लगी धान की फसल, किसानों को सता रहा सूखने का डर
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत नगाली को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने वाली उठाऊ पेयजल योजना सूख चुकी है। इस वजह से पंचायत के किसान परेशान हैं। किसानों ने खेतों में धान की फसल बो रखी है। मगर फसल को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से धान की फसल सूख रही है। खेतों में सिंचाई करने के लिए कूहल का निर्माण किया गया है। मगर कूहल में दो माह से पानी नहीं आ रहा है। इसकी वजह यह है कि उठाऊ सिंचाई योजना के तहत डाली गई पाइपें क्षतिग्रस्त और सड़ चुकी हैं। इसकी वजह से पानी कूहल तक नहीं पहुंच रहा है।
किसान चतर सिंह, भगत राम, मान सिंह, योगराज, शेर सिंह, टेक चंद, रवि कुमार, हंसराज, देवी प्रसाद, कमल कुमार, जितेंद्र, अरविंद और सूरज ने बताया कि नगाली पंचायत में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने के लिए पानी चौहड़ा डैम से उठाऊ सिंचाई योजना के तहत पहुंचाया गया है। मगर दो महीने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से खेतों लगी धान की फसल सूख रही है। समय रहते खेतों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं दिया गया तो सारी फसल बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आईपीएच विभाग को अवगत करवाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसको लेकर किसानों में भारी रोष है। आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता पीएस धनोटिया ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही उठाऊ सिंचाई योजना की सभी पाइपों को ठीक करवाया जाएगा। जिससे की किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।