चुवाड़ी (चंबा)। लाखों का बजट होने के बावजूद भी नगर पंचायत चुवाड़ी में विकासात्मक कार्यों पर पूरी तरह से ब्रेक लगी है। हैरानी इस बात की है कि नपं चुवाड़ी के पास वर्तमान समय में करीब 60 लाख का बजट पड़ा है। बावजूद इसके नपं चुवाड़ी के अधीन आने वाले सात वार्डों में विकासात्मक कार्य करवाने के लिए टेंडर तक आमंत्रित नहीं करवाए जा सके हैं। ऐसे में नपं चुवाड़ी के तहत आते अधिकांश वार्डों में समस्याओं का अंबार लगा है। वहीं, दूसरी और नपं चुवाड़ी के पदाधिकारी जल्द इस संदर्भ में बैठक कर विकासात्मक कार्यों के बारे में चर्चा कर प्रस्ताव और अस्टीमेट बनाने की बात कहकर रहे हैं।
स्थानीय निवासी संतोष शर्मा, सुदेश कुमार, रमन धीमान, देसराज और अजय कुमार ने बताया कि नगर पंचायत चुवाड़ी में लंबे अरसे से विकासात्मक कार्य ठप पड़े हैं। नपं चुवाड़ी के अधिकांश वार्डों में कई जगहों पर नालियां टूटी हुई हैं। कई जगहों पर बरसात के चलते डंगों लगाने की जरूरत है। इसके अलावा क्रेट वर्क, डंगें, पुलियां, कंकरीट और सड़क के साथ-साथ वार्डों को जाने वाले पैदल रास्ते भी खस्ताहाल हैं। कई वार्डों में रखे गए डस्टबीन सड़ चुके हैं। मगर आज तक इन्हें बदलने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है। साथ ही अधिकांश वार्डों में सार्वजनिक शौचालयों तक का निर्माण नहीं करवाया जा सका है। मगर लंबे समय से नपं चुवाड़ी ने विकासात्मक कार्यों को करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी नहीं करवाई जा सकी है। इससे लंबित पड़े कार्यों को करवाने के लिए बजट तो है। मगर प्रस्ताव और एस्टीमेट तक पास नहीं किए जा सके हैं।
पुराना बजट भी नहीं खर्च कर पाई नगर पंचायत
वर्ष 2007 में नपं चुवाड़ी में पार्किंग और पार्क निर्माण के लिए 30 लाख का बजट मिला था। इस बजट के तहत हालांकि, पार्किंग संबंधी टेंडर आमंत्रित किए गए थे। मगर उक्त भूमि को लेकर विवाद पैदा होने की सूरत में यह कार्य ठंडे बस्ते में पड़कर रह गया। इसके बाद अंबेडकर भवन के साथ ही एक पार्किंग स्थल बनाया गया है। इस 30 लाख की राशि में करीब 10 लाख का पुराना बजट भी नपं चुवाड़ी के पास पड़ा है।
नपं चुवाडी के कार्यकारी अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी बचन सिंह का कहना है कि उन्होंने कुछ समय पूर्व ही नपं चुवाड़ी के ईओ का कार्यभार संभाला है। विकासात्मक कार्यों को लेकर पार्षदों के साथ बैठके की गई है। जल्द ही बैठक कर विकासात्मक कार्यों को करवाने के बारे में समीक्षा की जाएगी।पंचायत प्रधान विकास वर्मा का कहना है कि 22 अक्तूबर को इस संबंध में बैठक रखी गई है। इसमें विकासात्मक कार्यों को लेकर चर्चा की जाएगी। बैठक में ही प्रस्ताव और एस्टीमेट पास किए जाएंगें।