चंबा। विशेष न्यायाधीश-द्वितीय चंबा, मोहित बंसल की अदालत ने चरस तस्करी के आरोपी लाल हुसैन को दोषी ठहराते हुए उसे दस वर्ष का कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। दोषी साहलुई का रहने वाला है।
न्यायालय ने यह भी आदेश दिया कि यदि आरोपी जुर्माना अदा नहीं करता है, तो उसे एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इस मामले की पैरवी अतिरिक्त जिला न्यायवादी सतीश कुमार ने की, जिन्होंने अदालत में मामले के समस्त साक्ष्य पेश किए। अतिरिक्त जिला न्यायवादी सतीश कुमार ने बताया कि यह मामला 8 मई 2018 का है, जब एएसआई विरेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ भटालवां पुल के पास नाकेबंदी कर रहे थे। पुलिस ने सभी वाहनों की गहन जांच शुरू की, और इसी दौरान एक स्विफ्ट कार ओबड़ी की ओर से पुल के पास पहुंची।
पुलिस ने कार को रोका और उसमें सवार लाल हुसैन और मनोज कुमार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान, पुलिस ने कार के अंदर एक काले रंग के केरी बैग से 1.704 किलोग्राम चरस बरामद की। इसपर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कियाा।
पुलिस ने इस मामले की विस्तृत जांच की और सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके आधार पर विशेष न्यायाधीश ने आरोपी को दोषी ठहराया। संवाद