आखिरकार तीन दिन से सांगला घाटी में फंसे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को निजी हेलीकॉप्टर से मंडी रवाना हुए। भारी बारिश के चलते किन्नौर का सड़क मार्ग ठप हो गया है।
सीएम को जेसीबी में बिठाकर हेलीपैड तक पहुंचाया गया। इसके पूर्व उन्होंने मौसम से प्रभावित स्थानों का दौरा कर हालात का जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शनिवार को ज्यूरी से किन्नौर घाटी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। इससे पहले मुख्यमंत्री रिकांगपिओ निकल पाते मूसलाधार बारिश ने किन्नौर में तबाही मचा दी। सभी सड़क मार्ग बंद हो गए।
मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर सुविधा भी मुहैया नहीं हो सकी। इस कारण मुख्यमंत्री को तीन दिन सांगला में विद्युत बोर्ड के विश्राम गृह में रहने को मजबूर होना पड़ा।
मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद मुख्यमंत्री ने सांगला में कुछ स्थानों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद जेसीबी पर सवार होकर सांगला हेलीपैड पहुंचे, क्योंकि सड़क पर गाड़ी चलने के लायक नहीं थी। यहां से वे निजी हेलीकॉप्टर से मंडी के लिए निकले।