भाजपा की सुषमा बनीं एमसी सोलन की मेयर, निर्दलीय पार्षद गौरव राजपूत डिप्टी मेयर।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
नगर निगम सोलन में भाजपा की सुषमा शर्मा को मेयर चुन लिया गया है जबकि निर्दलीय चुनाव जीते गौरव राजपूत भाजपा के समर्थन से ही डिप्टी मेयर बने हैं। वीरवार को दोपहर बाद 3 बजे मेयर-डिप्टी मेयर के चयन के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे चली चुनाव प्रक्रिया के बाद उपायुक्त ने परिणाम घोषित किया। चुनाव प्रक्रिया में भाजपा की नंबर-2 से पार्षद सुषमा शर्मा ने मेयर पद पर जीत दर्ज की। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों समेत विधायक एवं मंत्री धनी राम शांडिल ने भी वोट डाला। मेयर पद के लिए भाजपा की सुषमा को कुल 18 में से 11 वोट पड़े। जबकि कांग्रेस की मीनाक्षी शर्मा को 7 वोट ही मिले। डिप्टी मेयर पद पर भाजपा ने पहले से तैयार रणनीति के तहत निर्दलीय उम्मीदवार गौरव राजपूत का समर्थन किया।