82 मदों पर हुई चर्चा सदस्यों ने उठाईं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
बंद बस रूटों की दोबारा समीक्षा करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला परिषद की बैठक मंगलवार को जिला परिषद के बैठक कक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर ने की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर सहित जिला परिषद के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल, परिवहन, स्वास्थ्य समेत 82 विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे बैठक में उठाए। सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की खराब स्थिति, पेयजल, बिजली, बस रूट और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्रमुखता से रखा और संबंधित विभागों से इनके जल्द समाधान की मांग की। जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए, ताकि जिला परिषद के माध्यम से उठाए गए मामलों का धरातल पर प्रभावी परिणाम दिखाई दे।
उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को लंबे समय से बंद पड़े विभिन्न बस रूटों की दोबारा समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रूटों को फिर से शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर ने अधिकारियों को जिला परिषद सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को बैठक में प्रमुखता से रखा जाता है। ऐसे में संबंधित विभाग इन मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी जिला परिषद बैठक में विभागों से संबंधित मदों के जवाब समय पर भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित मामलों की प्रभावी समीक्षा की जा सके। बैठक में जिन मामलों के समाधान के लिए समय-सीमा तय की गई है, उन्हें निर्धारित टाइमलाइन के भीतर पूरा करने के हरसंभव प्रयास किए जाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि जिला परिषद सदस्यों की ओर से उठाई गई जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला परिषद सदस्य सपना कुमारी, अशोक कुमार, सुरभि ठाकुर, तरसेम सिंह, देवांश चंदेल, जरनैल सिंह, आशा देवी, रक्षा कुमारी और रतन चंदेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।