- बड़गांव विद्यालय में कृषि उद्यमिता पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में शनिवार को कृषि उद्यमिता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य कृषि व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को कृषि में नवाचार के क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना था।
मुख्य वक्ता सुमन प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला होना चाहिए। यह लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब विद्यार्थी जीवन में उन्हें उद्यमशीलता कौशल विकसित हो। जैविक कृषि के क्षेत्र में विशेष बल देते हुए बताया कि बदलते परिदृश्य में सरकारी सेवाओं में रोजगार के सीमित अवसर उपलब्ध हैं। भारत कृषि प्रधान देश है। देश की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज का युवा पारंपरिक खेती बाड़ी को छोड़कर शहरों में नौकरी-पेशा के लिए पलायन कर रहा है। उन्होंने बताया की यदि युवा दृढ़ संकल्प, दूर दृष्टि से कार्य योजना के साथ प्रण लें तो वह कृषि के क्षेत्र में अपना व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कृषि क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने से कृषि व्यवसायों को बढ़ाने और कृषि उत्पाद निर्यात से होने वाले लाभों में मददगार साबित होगा। कृषि में उद्यमिता विकास की कार्य योजना के बारे में विद्यार्थियों को अवगत करवाते हुए कहा कि नकदी फसलों के साथ-साथ फल सब्जियों के उत्पादन का बाजार मांग पर आधारित विपणन के व्यवसाय में कम निवेश कर अधिक मुनाफा अर्जित कर सकते हैं। कहा कि विश्व पटल पर सरकार के सहयोग और समर्पित प्रयासों से भारत कृषि के क्षेत्र में सशक्त भविष्य की ओर बढ़ रहा है। प्रधानाचार्य होशियार सिंह ने सुमन प्रजापति को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर समन्वयक राज कुमार और भाग्य लक्ष्मी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।