बैंक, बिजली-पानी के बिल, वैवाहिक विवाद और चालान समेत लंबित मामलों का होगा निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत का जिले में 12 दिसंबर को आयोजन होगा। इसके तहत बिलासपुर, घुमारवीं और झंडूता न्यायालय परिसरों में लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत में न्यायालयों में विचाराधीन मामलों के अलावा ऐसे विवाद भी रखे जा सकेंगे, जो अभी न्यायालय तक नहीं पहुंचे हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण बिलासपुर के सचिव प्रतीक गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण से संबंधित विवाद, श्रम विवाद, बिजली और पानी के बिलों से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद और मोटर वाहन चालान के मामलों का निपटारा किया जाएगा। इन श्रेणियों में न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकार लोक अदालत में अपने मामले रखवा सकते हैं। वहीं, जिन लोगों के विवाद अभी न्यायालय में विचाराधीन नहीं हैं, वे भी आपसी समझौते से निपटारे के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है।
मोटर वाहन चालान के निपटारे के लिए ऑनलाइन डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक लोग लोक अदालत से पहले ऑनलाइन माध्यम या न्यायालय पहुंचकर चालान का निपटारा करवा सकते हैं। जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता और सलाह उपलब्ध करवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण बिलासपुर के 01978-221452, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बिलासपुर के 01978-224887 और घुमारवीं के 01978-254080 नंबर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
लोग समस्याएं ईमेल Secy-dlsa-bil-hpgov.in पर भेज सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यालय या अपने अधिवक्ता के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।