बिलासपुर। जिला पुलिस ने नशा तस्करों को पकड़ने के लिए शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को सदर थाना पुलिस ने नौणी के समीप एक युवक को 17.68 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। वहीं, पुलिस ने पाया कि आरोपी पर पहले भी बिलासपुर और हमीरपुर के थानों में विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज हैं। वहीं, एनडीपीएस के मामले में 16वीं बार गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सदर थाना की एक टीम एएसआई पवन कुमार की अगुवाई में नौणी की तरफ गश्त कर रही थी। इस दौरान जब टीम नौणी से ब्रह्मपुखर सड़क की ओर जा रही थी तो आरोपी पुलिस की जीप को देखकर ब्रह्मपुखर की तरफ भागने लगा।
वहीं इसी दौरान उसने जेब से कोई वस्तु निकालकर सड़क किनारे फेंक दी। इस पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ। एएसआई ने जीप को रुकवाया और संबंधित व्यक्ति को कुछ ही दूरी पर जाकर पकड़ लिया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की ओर से फेंकी गई वस्तु को उठाया और उसे चेक किया तो चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी बिलासपुर राज कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान मनोज कुमार निवासी खारसी तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं, इस आरोपी पर पहले ही बिलासपुर और हमीरपुर के थानों में विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज हैं। आरोपी को 16वीं बार चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 5 दिन की रिमांड पर भेजा है।