पुलिस को देखकर जेब से पुड़िया फेंकी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के डंगार कस्बे के समीप पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 7.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान घुमारवीं उपमंडल के गांव टकरेड़ा निवासी ऋषभ चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
जानकारी के अनुसार भराड़ी थाना पुलिस की टीम डंगार-लदरौर सड़क पर नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सड़क पर पैदल जा रहे एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस को अपनी ओर आता देख युवक घबरा गया और जेब से एक पुड़िया निकालकर सड़क किनारे फेंक दी। पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे काबू कर लिया और फेंकी गई पुड़िया को कब्जे में लिया, जिसमें 7.28 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि समाज और आम लोगों के सहयोग से ही नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।