विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026 में उपायुक्त ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
बिलासपुर कॉलेज में माई युवा भारत के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत, समर्पण और मानसिक दृढ़ता जरूरी है। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। यह बात उपायुक्त किरण भड़ाना ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में माई युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026 में युवाओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि सफलता केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके लिए मानसिक रूप से मजबूत होना भी जरूरी है। व्यक्ति की वास्तविक क्षमता इस बात से तय होती है कि वह असफलताओं का सामना कैसे करता है और उनसे उबरकर दोबारा प्रयास करने के लिए कितना तैयार रहता है। उन्होंने युवाओं से धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत बनाए रखने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों को सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मानना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, करियर और जीवन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा के लिए युवाओं को अपने कार्यालय आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के जीवन में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रयासरत है।
इससे पहले उपायुक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। माई युवा भारत के युवा कार्यक्रम समन्वयक आशीष गौतम ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में श्रेयसी ने प्रथम, रंजीता ने द्वितीय और तृप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य पीएस कटवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।