किसान उत्पादक सहकारी सभा समिति नेरी जामली के कार्यालय के शुभांरभ पर मौजूद मुख्यातिथि व अन्य लोग
भोले नाथ किसान उत्पादक सहकारी सभा समिति, नेरी जामली कार्यालय शुरू
कार्यक्रम में 60 किसानों को बांटी गईं किचिन गार्डन किटें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कृषि विभाग बिलासपुर के सहयोग से भोले नाथ किसान उत्पादक सहकारी सभा समिति, नेरी जामली के कार्यालय का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री रामलाल ठाकुर ने किया। कार्यालय खुलने से अब क्षेत्र के किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक दवाइयों के लिए बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय और धन दोनों की बचत होगी। इस दौरान किसानों को किचिन गार्डन किट भी बांटी गईं।
जामली, छडोल, कल्लर और मैथी पंचायतों के किसानों को समिति के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सभी कृषि-संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस मौके पर एसएमएस कृषि रतन लाल ठाकुर ने बताया कि कृषि विभाग के विस्तार कार्यक्रम के तहत करीब 50 से 60 किसानों को किचिन गार्डन किटें प्रदान की गईं। इन किटों में मौसमी सब्जियों के बीज और जैविक खेती में उपयोगी सामग्री शामिल है। इनका वितरण भी पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि सुविधा केंद्र शुरू होने से किसानों को कृषि संसाधन समय पर मिल सकेंगे और विभाग की पहुंच भी मजबूत होगी। इससे खेती को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, सब्जी उत्पादन, जैविक खेती के लाभ, रोग एवं कीट प्रबंधन, साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं और सब्सिडी संबंधी जानकारी भी दी। शुभारंभ समारोह में छड़ोल पंचायत के उप प्रधान भगत राम, कचौली पंचायत के उप प्रधान रोशन लाल, मैथी पंचायत के उप प्रधान श्याम चौधरी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुलवीर भड़ोल, सहकारी समिति के सचिव राजेश शर्मा सहित करीब 90 लोग मौजूद रहे।