राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में आयोजित दंगल में दमखत दिखाते पहलवान।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। सात दिवसीय राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का दंगल बुधवार शाम को लुहणू मैदान में संपन्न हो गया। जल शक्ति, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। दंगल के अंतिम दिन उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुकाबलों को देखने के लिए लुहणू मैदान में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।
रोपड़ के पहलवान कमलजीत ने नलवाड़ी केसरी का खिताब अपने नाम किया। लुधियाना के मेजर दूसरे स्थान पर रहे। सोनीपत के विकास तीसरे स्थान और अमृतसर के पहलवान बसंत चौथे स्थान पर रहे। हिमाचल केसरी का खिताब नयनादेवी के रमेश ने जीता। घुमारवीं के निशांत दूसरे, मंडी के नवीन तीसरे और चंबा के अशरफ चौथे स्थान पर रहे। बिलासपुर केसरी का खिताब लखनपुर के पंकज के नाम रहा। चांदपुर के प्रिंस दूसरे स्थान पर रहे। महिला केसरी के फाइनल मुकाबले में रानी ने राधा को पछाड़कर खिताब जीता। सोनिका तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेता पहलवानों को मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने इनाम बांटे। नलवाड़ी केसरी का मुकाबला जीतने वाले पहलवान को एक लाख एक हजार रुपये और गुर्ज प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर रहे पहलवान को 75 हजार, तृतीय को 31 हजार और चौथे स्थान पर रहे पहलवान को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया। हिमाचल केसरी का पहला पुरस्कार 51 हजार रुपये, दूसरा 31 हजार रुपये, तीसरा 21 हजार और चौथे पुरस्कार 15 हजार रुपये का दिया गया। बिलासपुर केसरी के विजेता को 11 हजार और उपविजेता को नौ हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर उपायुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक एसआर राणा, खाद्य, आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, मुख्यमंत्री के प्रशासनिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान और अन्य लोग उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में आयोजित दंगल में दमखम दिखातीं महिला पहलवान।- फोटो : BILASPUR