एक की कमरे में चल रहा पशु औषधालय
लोगों ने लोक निर्माण विभाग, सरकार से जल्द निर्माण करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता ( बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डाहड़ में स्थित पशु औषधालय का निर्माण कार्य लंबित होने से स्थानीय पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में पशु औषधालय केवल एक ही कमरे में संचालित हो रहा है, जिससे इसका संचालन खस्ताहाल स्थिति में है।
स्थानीय व्यक्ति गीता देवी ने इस भवन के लिए तीन बिस्वा जमीन पशुपालन विभाग को दान में दी थी, लेकिन विभाग ने अब तक नए भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। वर्ष 2018 में पंचायत की ओर से प्रस्ताव पारित कर विभाग से भवन निर्माण की मांग की गई थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
करीब डेढ़ दशक से पशु औषधालय एक ही कमरे में चल रहा है। इसके अतिरिक्त दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में भारी भरकम गैस कंटेनरों को सीढ़ियों से चढ़ाने में भी परेशानी आती है। ग्राम पंचायत डाहड़ के अधिकतर लोगों का मुख्य व्यवसाय पशुपालन है। उनकी आर्थिक स्थिति इसी पर निर्भर करती है। पर्याप्त सुविधाओं की कमी के कारण विभागीय कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इंसानियत संस्था के प्रधान पवन चंदेल, राम प्यारी, मीरा देवी, सौरभ ठाकुर, राम लाल, अजय शर्मा, लता ठाकुर, रीमा ठाकोर, प्रेमी देवी, लीला और पीलू सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और पशुपालन विभाग से जल्द भवन निर्माण की मांग की है।
पशु औषधालय डाहड़ की फार्मासिस्ट सुनीता देवी ने बताया कि कमरा खस्ताहाल हो चुका है। दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में गैस कंटेनर चढ़ाने में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में उन्होंने पशुपालन विभाग को सूचित कर दिया है।