बल्ह बुल्हाणा में 13 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
-समापन पर महिलाओं को वितरित किए प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर की ओर से ग्राम पंचायत बल्ह बुल्हाणा में चल रहे खिलौने बनाने के 13 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया। शिविर में विभिन्न स्वयं सहायता समूह बीपीएल परिवार से जुड़ी 31 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर के निदेशक मंगत राम भारद्वाज ने लोगों से आवाहन किया कि वह स्वरोजगार के तौर पर मुलायम खिलौने बना कर और बेच कर अपनी आजीविका कमा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है। यह जिले के बेरोजगार ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए कई गतिविधियों में निशुल्क प्रशिक्षण देता है। इसका बहुत से युवाओं ने लाभ उठाया है। उन्होंने बताया कि संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 45 साल के युवाओं को ड्रेस डिजाईनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग बनाना, खिलौना बनाना, कंप्यूटर बेसिक, मोटर ड्राइविंग में प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिए। उन्होंने लोगों को बैंक द्वारा चलाई जा रही अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और बीमा योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा स्वरोजगार के मुद्रा लोन सहित बहुत सी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती है। इस अवसर पर संकाय सदस्य लीना शर्मा भी उपस्थित रही।