यूको आरसेटी बिलासपुर में सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण में भाग लेने वाली महिलाएं व मौजूद अधिकारी। स्रोत:
यूको आरसेटी की ओर से लगाया गया था शिविर
स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बैंक योजनाओं की भी दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बिलासपुर की ओर से जिले में सॉफ्ट टॉय निर्माण का 14 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया । प्रशिक्षण में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और बीपीएल परिवारों से जुड़ी 26 महिलाओं ने भाग लेकर हुनर सीखा।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा और अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्रशेखर यादव ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र बांटे । इस दौरान उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे सीखे गए कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपनी आय बढ़ा सकती हैं। निदेशक अजय कुमार शर्मा ने बताया कि यह संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग निर्माण, खिलौना निर्माण, कंप्यूटर बेसिक और मोटर ड्राइविंग जैसे कई क्षेत्रों में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न बैंक योजनाओं अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजनाएं के साथ-साथ मुद्रा लोन, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और स्टैंड अप इंडिया जैसी ऋण सुविधाओं की जानकारी भी दी जाती है। संस्थान ने जानकारी दी कि जल्द ही ब्यूटी पार्लर का नया प्रशिक्षण बैच शुरू किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान के कार्यालय में संपर्क कर या मोबाइल नंबर 8988818600 पर कॉल कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।