स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम के तहत सदर में दिया जा रहा है प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के बाद पंचायत स्तर से ऋण लेकर स्थापित करेंगी उद्यम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए सदर विकासखंड में स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (एसवीईपी) के तहत 30 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में महिलाओं को लघु उद्यम शुरू करने और उसे सफलतापूर्वक संचालित करने की जानकारी दी जा रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे प्रशिक्षण में उद्यम का चयन, पूंजी और संसाधनों की व्यवस्था, कारोबार संचालन, ग्राहकों की जरूरत और व्यवसाय को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। गैर-कृषि क्षेत्र के छोटे उद्यमों पर विशेष जोर है। इसमें सिलाई समेत ग्रामीण स्तर पर शुरू किए जा सकने वाले विभिन्न व्यवसाय शामिल हैं।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं पंचायत स्तर पर ऋण के लिए अपने मामले आगे बढ़ाएंगी और रुचि व क्षमता के अनुसार उद्यम स्थापित करेंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में अपना कारोबार शुरू करने का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आय का स्थायी साधन उपलब्ध करवाना है।
हैदराबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माइक्रो, स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज के विशेषज्ञ अविनाश प्रशिक्षण दे रहे हैं। मेंटर सोनू शर्मा, सदर की मेंटर वीना देवी, एसवीईपी की बीपीएम अपूर्वा शर्मा और एनआरएलएम के डीपीएम देशराज भी महिलाओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षण का समापन शुक्रवार को होगा।