घुमारवीं बस अड्डे में निकासी व्यवस्था न होने से झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। बस अड्डा घुमारवीं में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाई वर्षा शालिका में बारिश का पानी से भर गया। इससे दर्जनों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बैठने के लिए उपयुक्त जगह न होने के कारण लोगों को घंटों खड़े रहकर बसों का इंतजार करना पड़ा।
वर्षा शालिका के अंदर पानी होने के कारण यात्रियों को बैग, अटैची हाथों में ही उठाने पड़े। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। घुमारवीं बस अड्डा पर शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा, चंडीगढ़, मंडी और अन्य जगहों को जाने के लिए रोजाना सैकड़ों यात्री पहुंचते हैं। यात्रियों को बैठने के लिए बस अड्डा के भीतर टीन के शेड बनाए हैं।
शनिवार को लगातार बारिश के चलते शेड में पानी आ गया। यात्री संजीव, बबली, नीरज, दीपक, सोहनलाल और सुरेंद्र ने बताया कि बस अड्डा के अंदर शेड तो बने हैं लेकिन इन शेड में पानी भरने से बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं है। जो टीन के शेड हैं उनको पीछे की तरफ ड्रेन पाइप न होने के चलते सारा पानी भीतर आ रहा है। इस कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान यही शेड यात्रियों के लिए सुविधाजनक होते हैं लेकिन यहां पर सुविधा तो दूर समस्या का सबब बन गए हैं। अगर टीन के पिछले हिस्से में पानी को निकलने के लिए ड्रेन पाइप होता तो पानी की निकासी सही से होती। यात्री भी आराम से बैठकर बसों का इंतजार करते। यात्रियों ने कहा कि बारिश के दौरान अधिकारी तो कमरों में बैठकर काम करते हैं लेकिन आम जनता को मुश्किल उठानी पड़ती है। इस तरफ कोई ध्यान नहीं देता है।
बस अड्डा प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि जो भी मरम्मत कार्य होगा वो करवा दिया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।