घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पट्टा के तहत गांव कोटला के ग्रामीण वर्षों से पेयजल की किल्लत की समस्या का सामना कर रहे हैं।
इस बारे ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल संघर्ष समिति के महासचिव बृजलाल शर्मा की अध्यक्षता में आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद सूद से मिला।
इस दौरान उन्होंने समस्या को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिन के भीतर समस्या का हल नहीं किया गया, तो विभाग के खिलाफ खाली घड़े लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
बृजलाल शर्मा ने बताया कि कोटला गांव में पिछले कई वर्षों से एक माह में मात्र 15 दिन के बाद ही पेयजल उपलब्ध होता है। गर्मियों के साथ-साथ सर्दियों में भी लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इससे गृहस्थ जीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पेयजल की करोड़ों रुपये की योजनाएं देती है, लेकिन बावजूद इसके धरातल पर ग्रामीण लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल में कृष्णलाल, प्रदीप, राजेंद्र, रमेश, देवराज, रविंद्र, सुरेंद्र शर्मा, जोगेंद्र, राम सिंह, प्रेमलाल, किशोरी, प्रकाश, सुखराम, सीता कुमारी, कौशल्या देवी, बंती, कैलाशी, तारा, रमा, आशा देवी, मीरा, नीलम, राजकुमारी, कांता, विद्या देवी, गोदावरी, नरेंद्र, ओम प्रकाश, संजीव, निखिल, सुमन, रचना, बीना, अंजना और राकेश शामिल रहे।
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद सूद ने बताया कि सुन्हाणी उठाऊ पेयजल योजना में पंप हाउस की दिक्कत को जल्द दूर किया जाएगा। ताकि कोटला गांव के लोगों को पेयजल समस्या से छुटकारा मिल सके।
सीपीएस से भी मिले ग्रामीण
समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल स्थानीय विधायक एवं सीपीएस राजेश धर्माणी से भी मिला। बृजलाल शर्मा ने बताया कि समस्या के हल को लेकर विधायक ने विभाग के अधिशासी अभियंता को आदेश दिए कि ग्रामीणों की समस्या को सुनें और इसका शीघ्र समाधान किया जाए।