ग्रामीणों का कहना स्कूल में नौ बच्चे शिक्षा कर रहे ग्रहण
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत मरहाना के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठंडोह को बंद कर निकटवर्ती स्कूल में मर्ज करने की अधिसूचना के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। पंचायत प्रधान शिल्पा, उपप्रधान अशोक कुमार तथा अभिभावकों ने स्कूल को यथावत संचालित रखने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार पांच से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को बंद करने की नीति की बात कर रही है, जबकि प्राथमिक स्कूल ठंडोह में वर्तमान में नौ बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल को राजकीय प्राथमिक पाठशाला बगेटू में मर्ज करने का निर्णय लिया गया है, जो ठंडोह से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है। उनका कहना है कि छोटे बच्चों को प्रतिदिन इतनी दूरी तय कर स्कूल पहुंचना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। बरसात और खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों ने चिंता जताई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि गांव के सामाजिक और शैक्षणिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से अधिसूचना पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि छात्र संख्या निर्धारित मानकों से अधिक होने के बावजूद स्कूल को बंद करना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि स्कूल बंद करने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे संगठित होकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक स्कूल ठंडोह को पूर्ववत संचालित रखने की मांग की है।