राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्लर तक जाने वाली एक किलोमीटर तक सड़क बंद
लोक निर्माण विभाग का बजट नहीं मिलने से रुका है सड़क का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता की ग्राम पंचायत मलांगण की राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्लर तक जाने वाली सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है। वर्ष 2023 में हुई भारी बारिश से यह सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई थी, जो अभी तक नहीं बनी है। ऐसे में ग्रामीणों और स्कूल जाने वाले बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
खराब सड़क के कारण अब बच्चों को पहाड़ी उतरकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जो जोखिम भरा है। वहीं, करीब 40 परिवारों के खेतों तक ट्रैक्टर भी नहीं जा पा रहे हैं। इससे खेती में भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पंचायत सदस्य दामोदरी देवी, स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान शालू कुमारी, रणजीत सिंह, रामपाल, सोनू कुमार, सुरेश, राजेश, मुकेश, गुड्डू, सरवन सिंह, सुखदेव, सुरजीत कुमार, राकेश और मक्खन सिंह महेंद्र सिंह सहित कई अभिभावकों ने बताया कि यह सड़क गांव का एकमात्र मार्ग है। कहा कि कई बार विभाग और सरकार को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के कारण सड़क पर पहाड़ी खिसक गई है। बच्चों को स्कूल ले जाने और लाने में भारी परेशानी हो रही है। विभाग और सरकार जल्द ही सड़क को दुरुस्त करें। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सचिन नड्डा ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के लिए अभी बजट नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, सड़क को वाहन योग्य बना दिया जाएगा। इसका प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है।