घंडालवीं महाविद्यालय में सीएससीए का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
प्राचार्य व प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में अनुशासन, सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता लाना प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए नव-नामित कॉलेज स्टूडेंट काउंसिल एसोसिएशन (सीएससीए) के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ।
प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा ने नवनियुक्त छात्र परिषद के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में बीए तृतीय वर्ष की सुनाक्षी शर्मा ने अध्यक्ष, बीकॉम तृतीय वर्ष की पूजा देवी ने उपाध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण की। बीए द्वितीय वर्ष की सानिया ने सचिव, बीकॉम प्रथम वर्ष की आंचल शर्मा ने संयुक्त सचिव और बीए प्रथम वर्ष की सिमरन शर्मा ने कक्षा प्रतिनिधि के रूप में शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर विभिन्न समितियों के लिए नामित सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें एनएसएस सदस्य लोकेश कुमार, तमन्ना, खेल सदस्य निखिल चौहान, ऋषांत कुमार, राहुल कटोच और प्रिया ठाकुर, साक्षी ठाकुर क्लब और भारतीय सांस्कृतिक गतिविधि सदस्य के रूप में शामिल हैं। अध्यक्ष सुनाक्षी शर्मा ने कहा कि मैं महाविद्यालय के सभी छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और एक स्वस्थ व रचनात्मक शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगी। हम अपनी टीम के साथ मिलकर महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे।
उपाध्यक्ष पूजा देवी ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य प्राचार्य व प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में अनुशासन और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता लाना होगा। मैं सभी छात्रों को आश्वस्त करती हूं कि उनकी आवाज सुनी जाएगी। प्राचार्य ने नवनियुक्त छात्र परिषद को बधाई दी और उनसे महाविद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता व सह पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। समारोह में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय छात्र परिषद के संयोजक प्रो. पवन कुमार ने किया।