एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी। स्रोत परिषद
-प्रवासी व्यक्तियों के खिलाफ सख्ती से जांच और पंजीकरण की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं बाजार में कुछ समय पहले एक कश्मीरी युवक द्वारा पुलिसकर्मी को कुल्हाड़ी दिखाने की घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए बाहर से आने वाले प्रवासी व्यक्तियों की सख्ती से जांच और पंजीकरण की मांग उठाई है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना में पुलिसकर्मी ने जब युवक से पहचान पत्र और पंजीकरण की जानकारी मांगी थी, तो उसने उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। समय रहते बाजार के व्यापारियों ने बीच-बचाव कर पुलिसकर्मी की जान बचाई थी। यह मामला अब स्थानीय जनता के बीच चिंता और नाराजगी का विषय बन गया है। शनिवार को परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल अधिवक्ता तुषार डोगरा की अगुवाई में एसपी बिलासपुर से मिला और ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कहा कि सभी प्रवासी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस के पास होनी चाहिए। वे कहां रह रहे हैं, किनके मकानों में किराए पर हैं। इन सब बातों का पंजीकरण जरूरी है। इसके साथ ही जो लोग बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में इंद्र सिंह डोगरा, इंद्र सिंह ठाकुर, नरेंद्र खन्ना, संजीव ढिल्लों, अंजली, कपिल, अर्पिता, नंदलाल ठाकुर, पारस गौतम, रमित ठाकुर और विनोद राणा इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।