घुमारवीं पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर शुरू किया विशेष अभियान
नंबर प्लेट टेंपरिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। यातायात नियमों की सख्ती के बाद अब घुमारवीं पुलिस ने बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ (टेंपरिंग) करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ दिया है। यह अभियान शहर और आसपास के क्षेत्रों में सघन रूप से चलाया जाएगा, जिसमें यातायात पुलिस टीम हर वाहन की जांच करेगी।
शहर में अभी भी कई वाहन बिना नंबर प्लेट या फिर सामान्य नंबर प्लेट के साथ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। वहीं, कुछ दोपहिया वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेप, पेंट या अन्य सामग्रियों से अंकों को ढक देते हैं ताकि कैमरे या ट्रैफिक पुलिस उन्हें पहचान न सकें। यह न केवल मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, बल्कि ऐसी स्थिति में किसी दुर्घटना के समय वाहन की पहचान कर पाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में जांच और जिम्मेदारी तय करने में गंभीर दिक्कतें आती हैं। पुलिस ने साफ किया है कि बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों का चालान किया जाएगा। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ (टेंपरिंग) करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जुर्माने के साथ ऐसे वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा ताकि शहर में यातायात नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके। लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर मान्यता प्राप्त हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जल्द से जल्द लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। संवाद