श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में 2 से 11 अप्रैल तक चैत्र मेेले नवरात्र मनाए जाएंगे। मेले के दौरान ट्रक, कैंटर, ट्रैक्टर और टेंपुओं का श्रीनयना देवी जी में आने-जाने के लिए प्रतिबंध रहेगा।
सवारियों से लदे ट्रक, ट्रैक्टर और टेंपुओं को हिमाचल प्रदेश की सीमा गरामोड़ा, कोलां वाला टोबा और भाखड़ा से आगे आने नहीं दिया जाएगा। इन स्थानों से श्रद्धालु केवल बसों और टैक्सियों में ही श्री नयनादेवी जी पहुंच सकेंगे। बसें घवांडल चौक तक ही आएंगी। बसों को भाखड़ा मार्ग पर चयनित स्थानों पर खड़ा करने की सुविधा रहेगी। टैक्सियों और छोटे निजी वाहनों को गुफा तक जाने की अनुमति होगी। क्षमता से अधिक सवारियों लाने वाले टैक्सी चालक पर कार्रवाई की जाएगी। रज्जू मार्ग पहले की तरह सुबह 8 से शाम 7 बजे तक चलेगा।
500 कर्मचारी और जवान होंगे तैनात, 110 सीसीटीवी रखेंगे नजर
नवरात्रों के दौरान करीब सौ कर्मचारियों को नियुक्त किया जाएगा। ये कर्मचारी श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देंगे। सुरक्षा के मद्देनजर 400 पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे।
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए 110 सीसीटीवी कैमरे कोलां वाला टोबा से लेकर नयनादेवी क्षेत्र और भाखड़ा डैम मार्ग पर हर गति विधि पर नजर रखेंगे। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में ड्रोन से नजर रखी जाएगी। मंदिर में 5 क्यूआरटी गाड़ियां हर समय मौजूद रहेंगी। तीन एंबुलेंस भी मेले के दौरान उपलब्ध रहेंगी। मंदिर परिसर में तीन स्वास्थ्य उपकेंद्र लगाए गए हैं। इसके अतिरक्त घवांडल और नयनादेवी में स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे खुले रहेंगे।
प्राचीन गुफा रहेगी बंद, संस्थाओं को मिलेगी लंगर लगाने की सुविधा
प्राचीन गुफा श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगी। कोरोना महामारी फैलने के बाद मंदिर के नजदीक स्थित गुफा में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है, जिसे चैत्र नवरात्र के दौरान भी जारी रखा है। मंदिर न्यास के लंगर हॉल में श्रद्धालुओं के लिए लंगर पहले की तरह चलता रहेगा। इसके अलावा समाजसेवी संस्थाओं को भी लंगर लगाने की अनुमति प्रदान की जाएगी, जो कोरोना महामारी फैलने के बाद नहीं दी जा रही थी।
70 सफाई कर्मी देंगे सेवाएं
नगर परिषद श्री नयनादेवी जी ने नवरात्र मेलों के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को अस्थायी तौर पर नियुक्त किया है। 70 सफाई कर्मचारी सफाई का काम संभालेंगे। सफाई कर्मी समय-समय पर कीटनाशक दवाइयों का भी छिड़काव करते रहेंगे। कार्यकारी अधिकारी प्रीतिमा राय ने सफाई कर्मचारियों को गलियों, नालियों और शौचालयों में सफाई का विशेष ध्यान रखने के आदेश दिए हैं।
रास्ते पर सामान सजाने वाले दुकानदारों पर होगी कार्रवाई
श्री नयनादेवी जी उपमंडल के एसडीएम राजकुमार ने वीरवार को मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। दुकानदारों को सामान दुकानों के अंदर ही रखने की हिदायत दी। एसडीएम राजकुमार ने बताया कि कोई दुकानदार दुकान से बाहर सामान रखता है तो उस पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हथियार लाने पर रहेगी पाबंदी
जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त पंकज राय ने थाना कोट कहलूर के क्षेत्र में मेलों के दौरान अस्त्र-शस्त्र, गोला बारूद, दूर से मार करने वाले हथियार व तेज धार हथियार लाने और ले जाने पर निषेधाज्ञा के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश भारतीय सेना बल, राज्य पुलिस बल और अन्य शस्त्र सेना, पुलिस बल कर्मचारियों/अधिकारियों पर लागू नहीं होंगे।
नवरात्र मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित अत्यधिक संख्या को नियंत्रण करने और कानून व्यवस्था को उचित ढंग से बनाए रखने हेतु विभिन्न प्रयास किए गए हैं। न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम राज कुमार को मेला अधिकारी और डीएसपी पूर्ण चंद को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रद्धालुओं से आग्रह है कि कोविड के नियमों का पालन करें। मास्क लगाकर रखें।
पंकज राय, उपायुक्त बिलासपुर।