प्रशासन ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश किए तय
शहर के विभिन्न हिस्सों में पार्किंग और नो-पार्किंग जोन को चिन्ह्त
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत शहर में अब पार्किंग व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश तय कर दिए गए हैं। प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पार्किंग तथा नो-पार्किंग जोन को तय कर दिए हैं। जिसके लिए बाकायदा येलो लाइन का प्रयोग किया गया है। शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर येलो लाइन द्वारा पार्किंग क्षेत्र दर्शाए गए हैं, जबकि नो पार्किंग जोन को अलग से चिन्हित किया गया है।
शहर में अब वाहन केवल येलो लाइन वाले क्षेत्रों में ही पार्क किए जा सकेंगे, जबकि अन्य किसी स्थान पर वाहन खड़ा पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ नियमों के तहत चालान करने की कार्रवाई की जाएगी। यह कदम शहर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि करीब दो साल पहले प्रशासन की ओर से घुमारवीं शहर में एक समग्र पार्किंग योजना तैयार की गई थी, जिसे तत्कालीन उपायुक्त बिलासपुर ने मंजूरी भी दे दी थी। इसके बावजूद अब तक इस योजना को धरातल पर नहीं उतारा जा सका था, जिससे शहर में आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती रहती थी। दिवाली सहित अन्य त्योहारों के दौरान तो घुमारवीं बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा जाती थी। संकरी सड़कों और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते न केवल राहगीरों को परेशानी होती थी बल्कि व्यापारियों और खरीदारों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। हालांकि इस बार प्रशासन ने त्योहारों से पहले ही पार्किंग व्यवस्था को सुचारू करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। नगर परिषद को निर्देश दिए गए हैं कि जहां-जहां येलो लाइन लगाई गई है, उन स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाकर उचित रूप से पार्किंग क्षेत्र को व्यवस्थित किया जाए ताकि वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस योजना को सख्ती से लागू किया गया तो शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही लंबे समय से शहरवासियों की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि नियमों के पालन को लेकर नियमित निगरानी की जाएगी और उल्लंघन की स्थिति में चालान की कार्रवाई से कोई भी वाहन चालक अछूता नहीं रहेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दिनों में घुमारवीं की सड़कों पर यातायात पहले से कहीं अधिक सुव्यवस्थित और सुचारू दिखाई देगा।
कोट
शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पार्किंग और नो पार्किंग पहले ही घोषित कर दिए गए थे। इसके तहत पार्किंग जोन एरिया में येलो लाइन लगाई जा रही है, ताकि शहर में गाड़ियों की पार्किंग अवस्थित तरीके से हो सके और शहर में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिले।
गौरव चौधरी, एसडीएम घुमारवीं