बिलासपुर कॉलेज की छात्राएं राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेती हुई। स्र
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की जागृति, तेजस्वी, पूनम ने लिया हिस्सा
अब 13 अक्तूबर को शिमला में होने वाले अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस में लेगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से समर्थ-2025 अभियान के तहत राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन सेंटर फॉर साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी आनंदपुर शोघी शिमला में किया गया। इसमें बिलासपुर महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय की गणित विभाग की एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा जागृति, तेजस्वी और पूनम ने प्रो. अनुप्रिया के मार्गदर्शन में भाग लिया। टीम ने पहले ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और फिर जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी रचनात्मकता एवं तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अब यह छात्राएं 13 अक्तूबर को शिमला में होने वाले अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष अपना सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रस्तुत करेगी। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सुरक्षित संरचना मॉडल का मूल्यांकन कई मापदंडों पर किया गया, जिनमें संरचनात्मक सुरक्षा और स्थिरता, डिजाइन नवाचार एवं रचनात्मकता, तकनीकी सटीकता, स्थानीय खतरों से प्रासंगिकता, स्थिरता एवं पर्यावरण-मित्रता, अवधारणा की स्पष्टता, व्यावहारिक उपयोगिता और समग्र प्रस्तुति शामिल थे। महाविद्यालय की प्रविष्टि को हिमालय क्षेत्र की भूकंपीय और जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल सुरक्षित निर्माण के लिए सराहना मिली। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने कहा कि इन विद्यार्थियों के कारण महाविद्यालय रोज नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने छात्राओं और प्रो. अनुप्रिया को बधाई दी।