बरठीं बाजार में बिना नंबर प्लेट के गाड़ी। संवाद
लोगों ने प्रशासन से उठाई कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत बरठीं बाजार में बिना नंबर प्लेट की गाड़ी एक सप्ताह से खुलेआम चल रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस कार्रवाई की मांग उठाई है।
स्थानीय दुकानदारों में मनोज कुमार, देशराज, सुरेश और नंदलाल ने बताया कि प्रशासन से बचकर सड़कों पर ऐसे कई वाहन दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहन यदि किसी घटना को अंजाम देकर चले जाते हैं तो उनको कैसे पकड़ा जाएगा यह एक गंभीर सवाल है। देखने में आया है कि गाड़ियों में कई प्रकार की ऐसी घटनाएं सामने आ रही है जिनको नंबर प्लेट के आधार पर पकड़ा जाता है और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती है। लेकिन गंभीर विषय यह है कि जिन गाड़ियों के ऊपर नंबर प्लेट ही नहीं है उनको पकड़ना प्रशासन के लिए भी एक सिर दर्द बनेगा। ऐसी कोई घटना न हो इसके लिए बरठीं बाजार के व्यापारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बिना नंबर की बाजार में दौड़ती इन गाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहनों से क्षेत्र में अपराध और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।