बिलासपुर में प्रैसवार्ता करते पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद हमीरपुर लोक सभा अनुराग ठाकुर। संव
गांव के समग्र विकास, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : अनुराग
कांग्रेस भ्रम फैलाकर गरीबों की योजनाओं का कर रही है विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। महात्मा गांधी के नाम को अपनाने वाले कुछ लोग उनके विचारों और आदर्शों को नहीं अपना पाए, जबकि गांधीजी की सोच ग्रामीण उत्थान और आदर्श गांवों के निर्माण की थी। यही सोच आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार साकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम हुआ है और यह मिशन उसी कड़ी का विस्तार है। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत, गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण विधेयक 2025 देशहित, गरीब हित और गांव हित में एक मजबूत आधार प्रदान करता है। यह विधेयक न केवल रोजगार और आय की गारंटी देता है, बल्कि सशक्त पंचायतों, पारदर्शी व्यवस्था और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण की दिशा में निर्णायक पहल है। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण विधेयक 2025 ग्रामीण भारत के लिए रोजगार, सम्मानजनक दिहाड़ी और समयबद्ध भुगतान की पुख्ता गारंटी देता है। यह विधेयक गरीब कल्याण, गांवों के समग्र विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को अधिक दिहाड़ी के साथ रोजगार की सुनिश्चित गारंटी मिलेगी और मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर सीधे खाते में किया जाएगा।इस मिशन में पंचायतों को यह अधिकार दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के विकास कार्य स्वयं तय करें। सभी कार्यों में जियो -टैगिंग और आधार आधारित सत्यापन की व्यवस्था होगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। इसके अलावा लाभार्थियों तक पूरा लाभ पहुंचेगा। इससे न केवल काम की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।खेती-बाड़ी के मौसम में ग्रामीण परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मनरेगा जैसे कार्यों को उस अवधि में स्थगित रखने का प्रावधान है, ताकि किसान खेती-बाड़ी पर पूरा ध्यान दे सकें। इससे एक ओर कृषि से आय बढ़ेगी, तो दूसरी ओर रोजगार योजनाओं से भी ग्रामीणों को स्थायी आजीविका के अवसर मिलेंगे।इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की जन समस्याएं सुनी और उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिए। इस मौके पर बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल, श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, हिमाचल प्रदेश भाजपा मीडिया सलाहकार स्वदेश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।