पुराने जवाहर नवोदय भवन बरठीं में आयोजित चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर में दिव्यांगजनों का पंजीकरण क
-पुराने नवोदय भवन बरठीं में चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। समग्र शिक्षा के तहत डाइट जुखाला की ओर से पुराने जवाहर नवोदय भवन बरठीं में पहली से लेकर 10वीं कक्षा तक के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर लगाया गया। शिविर में विभिन्न विद्यालयों के 76 विद्यार्थियों का परीक्षण किया गया।
इनमें से 28 बच्चों को उनकी दिव्यांगता के अनुसार व्हीलचेयर, सीपी चेयर, हियरिंग एड्स आदि विभिन्न प्रकार के उपकरण दिए जाएंगे। यह उपकरण कानपुर की एक कंपनी एलिम्को द्वारा फरवरी में दिए जाएंगे। बीआरसी कार्यालय झंडूता के लेखाकार सुनील कुमार और श्यामलाल ने बताया कि कंपनी के चिकित्सक ज्ञानेंद्र, आशीष जसवाल और आनंद कुमार की टीम ने दिव्यांग बच्चों की मेडिकल जांच की और उपकरण के लिए उन्हें पंजीकृत किया। चिकित्सकों ने बताया कि एलिम्को दिव्यांग जनों के सहायक उपकरण का निर्यात करती है। संगठन द्वारा दिव्यांग जनों को पंजीकृत कर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। जिला प्रशिक्षण संस्थान जुखाला की ओर से आए आईडी समन्वयक पुष्पराज ने बताया कि चिकित्सा मूल्यांकन का प्राथमिक उद्देश्य बच्चों की विकासात्मक विकलांगता या स्थिति का निदान समझना और उसका प्रबंधन करना है। चिकित्सा मूल्यांकन का उद्देश्य निदान प्रदान करना है जो बच्चे की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सबसे उपयुक्त उपचार और हस्तक्षेप निर्धारित करने के लिए आवश्यक है। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल, बीआरसीसी कार्यालय से श्याम लाल, सुनील कुमार, गंगा देवी आदि उपस्थित रहे।