-नगर परिषद में योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष बैठक आयोजित
- योजना के अंतर्गत दिए जा रहे 10, 20 और 50 हजार रुपये तक के ऋण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नगर परिषद कार्यालय में स्वनिधि भी स्वाभिमान भी योजना को लेकर विशेष बैठक हुई, अध्यक्षता नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी प्रतिमा राय ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के तहत पथ विक्रेताओं, उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, उनके लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया।
कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को आर्थिक, सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड जैसी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार रुपये तक के ऋण प्रदान किए जा रहे हैं।
बैठक में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की प्रबंधक बंदना लखनपाल ने बैंक स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी दी। बताया कि 25 से 30 नवंबर तक विभिन्न बैंकों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
25 नवंबर को ग्रामीण बैंक और सेंट्रल बैंक, 26 नवंबर को कोऑपरेटिव बैंक बिलासपुर, लखनपुर स्टेट बैंक, 27 नवंबर को पंजाब नेशनल बैंक, 28 नवंबर को यूको एमसीवाईसी बैंक, 29 नवंबर को यूको बैंक मेन मार्केट,30 नवंबर को केनरा बैंक और यूनियन बैंक में शिविर लगाए जाएंगे। कार्यकारी अधिकारी प्रतिमा राय ने सभी बैंकों से अपने-अपने जिम्मे आवंटित पार्कों की साफ-सफाई बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने सभी पथ विक्रेताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।
इनसेट
बैठक में कई बैंक अधिकारी हुए शामिल
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक और यूको बैंक, स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, ग्रामीण बैंक, स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, लखनपुर सेंट्रल बैंक और यूनियन बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।