-औहर में हुई जिला परिषद कैडर पंचायत सचिव संघ की बैठक
-बोले, आश्वासन के बावजूद मांग को नहीं किया जा रहा पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। जिला परिषद कैडर पंचायत सचिव संघ बिलासपुर इकाई की बैठक रविवार को औहर में हुई, जिसमें प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज शर्मा ने अध्यक्षता की।
इस दौरान जिला परिषद कैडर पंचायत सचिव की लंबित मांग पर विचार विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला परिषद कैडर पंचायत सचिवों का पंचायती राज विभाग विलय की मांग मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह के समक्ष उठाई जाएगी। इसके लिए शीघ्र ही प्रदेश अध्यक्ष गगन कपूर की अध्यक्षता में संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। नीरज शर्मा ने कहा कि सत्ता में आने से पहले मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं ने जिला परिषद कैडर के पंचायत सचिव, कर्मचारी और अधिकारियों की विभाग में विलय की मांग को न्याय उचित के बताते हुए सत्ता में आते ही इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बावजूद अभी तक इस मांग को पूरा करने में प्रदेश सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे प्रदेश में कार्यरत करीब 2560 कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इस मौके पर नागेंद्र, शांति, विपिन, गोल्डी भारद्वाज, चमन, रमेश सिंह, पवन कुमार और ब्रह्मदत्त सहित अन्य मौजूद रहे।