महराणा स्कूल में ब्लॉक स्तरीय टूर्नामेंट का मंत्री धर्माणी ने किया शुभारंभ
स्टेज के लिए पांच लाख और चार सोलर लाइटों की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महराणा में घुमारवीं ब्लॉक-1 की अंडर-14 छात्र वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों की ओर से प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में ब्लॉक के 24 स्कूलों के 286 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें वॉलीबाल, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और शतरंज सहित छह खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। बच्चों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर दिए जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने महराणा स्कूल में स्टेज निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान में चार सोलर लाइटें स्थापित करने की भी घोषणा की। धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद, संगीत, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड जैसी गतिविधियों में भागीदारी भी बच्चों के संतुलित व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट राशि में करीब तीन गुना बढ़ोतरी की है। वहीं, राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 250 किलोमीटर तक एसी सेकेंड क्लास रेल यात्रा और इससे अधिक दूरी के लिए हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के कपाहड़ा, भराड़ी, हटवाड़ और घुमारवीं सहित चार स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन स्कूलों में बेहतर शिक्षा के लिए अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां की जा रही हैं। अंग्रेजी, गणित, रसायन विज्ञान, भूगोल, संगीत और कंप्यूटर सहित विभिन्न विषयों के शिक्षक तैनात किए गए हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। साथ ही मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने का संदेश दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य सीमा शर्मा, एसएमसी प्रधान सुनील कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, खिलाड़ी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पहले दिन इन स्कूलों ने दर्ज की जीत
खेल प्रभारी कुलदीप ठाकुर ने बताया कि पहले दिन वॉलीबाल, खो-खो और बैडमिंटन के मुकाबले हुए। वॉलीबाल के मैच में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गालियां ने उच्च पाठशाला चोखणा, कपाहड़ा स्कूल ने घंडालवीं स्कूल और दधोल स्कूल ने डुमैहर स्कूल को हराया। खो-खो के मैच में राजकीय उच्च पाठशाला कपाहड़ा ने कुठेड़ा स्कूल को हराया। बैडमिंटन के मैच में मरहाणा स्कूल ने राधा कृष्णा स्कूल घंडालवीं को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महराणा में आयोजित प्रतियोगिता में कबड्डी में भाग लेते हुए खिलाड़
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महराणा में आयोजित प्रतियोगिता में कबड्डी में भाग लेते हुए खिलाड़