केमरी/बिलासपुर (रामपुर)। चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुई वैन ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार को ले जाते वक्त दो घायलों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
घटना केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर जदीद की है। शनिवार की सुबह करीब सात बजे गांव निवासी मोहम्मद अहमद उर्फ बाबू अली (35 वर्ष) गांव के ही शाकिर अली (30 वर्ष) व शकील अहमद के साथ सड़क किनारे बैठा था। सभी लोग आपस में बातें कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान केमरी की तरफ से तेज गति में आ रही एक वैन चालक के झपकी आने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंदते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे चालक हरीश कुमार निवासी ग्राम सिहोर थाना शाही जिला बरेली समेत तीन ग्रामीण भी घायल हो गए। हादसे के बाद वैन में बैठी चार सवारियां मौके से भाग गईं। घटना के बाद मौके पर तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर केमरी थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, अन्य तीनों घायलों को परिजन उपचार के लिए बरेली ले जा रहे थे कि रास्ते में शाकिर अली व मोहम्मद अहमद उर्फ बाबू अली ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहम्मद अहमद के पिता नूर अहमद ने वैन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।