- पुलिस को 12 घंटे के भीतर मिली सफलता
- लूट में शामिल एक आरोपी अभी भी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना पुलिस ने शराब के ठेके से लूट करने और सेल्समैन के साथ मारपीट करने के दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता शिकायत मिलने के 12 घंटे के भीतर ही मिली है। हालांकि एक आरोपी अभी फरार है।
मामले की शिकायत में रंगीला वर्मा निवासी गांव रोपा डाकघर बलद्वाड़ा जिला मंडी ने थाने में दर्ज कराई थी। उसने शिकायत में बताया कि
वह शहर के नाले के नौण ठेके पर सेल्समैन है। शुक्रवार रात को जब ठेका बंद था तो तीन युवकों ने शटर तोड़ा और ठेके के अंदर घुस गए। वह ठेके के अंदर ही था। उन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और 18 हजार रुपये छीन लिए। साथ ही 10 से 12 पेटियां शराब की बाहर ले गए। हालांकि वह पेटियां बाद में कुछ दूरी पर मिल गईं। वहीं, मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी खंगाले गए। शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान चेतन और अनमोल निवासी गांव भयौली डाकघर पुरानी मंडी जिला मंडी के रूप में हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपी अच्छे घरों से संबंध रखते हैं। उधर, एएसपी शिव कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। तीसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।