घुमारवीं पुलिस को फोरलेन पर मिली बड़ी सफलता
आज तीनों आरोपियों को कोर्ट में किया जाएगा पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। घुमारवीं पुलिस टीम ने बुधवार सुबह बलोह टोल प्लाजा पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 51 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में दो युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह घुमारवीं पुलिस की टीम नियमित गश्त के तहत फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। कार में बैठे युवक-युवती पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर जब तलाशी ली तो कार से 51 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में पाया गया कि कार में सवार सभी कुल्लू के निवासी हैं। जो इस नशीले पदार्थ को लेकर क्षेत्र में पहुंचे थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह (30) और सुनील (23) निवासी प्रेम नगर डाकघर ठेला तहसील भुुंतर कुल्लू के रूप में हुई है। युवती भी कुल्लू निवासी है। पुलिस तीनों आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश करेगी। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि इस गिरफ्तारी के माध्यम से नशे की सप्लाई चेन और तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।