अब तक छह आरोपी गिरफ्तार, तीन पहले से जेल में
पुलिस ने दो आरोपियों को घर से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में होली के दिन ग्राम पंचायत पट्टा के पूर्व प्रधान रवि पाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नोनी निवासी भदरोग और इशांत निवासी घुमारवीं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों को इनके घरों से ही गिरफ्तार किया है।
इससे पहले इस मामले में अंकित उर्फ डेंटी निवासी बरमाणा, मनीष कुमार (33) निवासी टिकरी, सनी चंदेल (40) निवासी भदरोग तथा नवीन निवासी भदरोग को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। इस प्रकार अब तक इस सनसनीखेज मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बता दें कि घटना होली के दिन शाम के समय की है, जब पुरानी रंजिश के चलते 10 से 15 युवकों ने सुनियोजित तरीके से पूर्व प्रधान रवि पाल पर हमला कर दिया। उस समय रवि पाल गांव पट्टा में एक दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने अचानक उन पर धावा बोल दिया।
हमलावरों ने डंडों, गंडासों और तलवारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे रवि पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, गर्दन और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हमले के दौरान आरोपियों ने दुकान में भी तोड़फोड़ की, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल रवि पाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कीं।
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा लगातार छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।