स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर जामली में एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी अनुसार चालक गोपाल चंद ट्रक एचपी 24सी 5187 को कीरतपुर से बिलासपुर की तरफ लेकर जा रहा था। जब वह गम्भरपुल से आगे जामली में पहुंचा तो उसने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। ट्रक हाईवे से लुढ़ककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा गया है। चालक की पहचान गोपाल चंद (19) पुत्र जगतार सिंह निवासी गांव काथला (नालियां) डाकघर स्वारघाट, तहसील श्री नयनादेवी जी के रूप में हुई है। बिलासपुर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।