घुमारवीं/भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं सिविल अस्पताल में 26 मई को पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की मशीनरी पहुंच गई थी। 25 लाख का पीएसए ऑक्सीजन प्लांट एक माह बाद भी अस्पताल के प्रांगण में धूल फांक रहा था। अमर उजाला में खबर छपने के बाद खाद्य आपूर्ति मंत्री गर्ग ने इस पर संज्ञान लिया। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पताल परिसर में प्लांट के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया।
बता दें कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से घुमारवीं सिविल अस्पताल में 26 मई को पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की मशीनरी पहुंच गई थी। लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी इसकी किसी ने सुध नहीं ली। खबर छपने के बाद सोमवार को मंत्री गर्ग ने विभागीय अधिकारियों को दोनों ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्रता से स्थापित करने के आदेश दिए। इस दौरान मंत्री ने अस्पताल में निर्माणाधीन आईपीडी भवन का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर हालचाल जाना।
गर्ग ने कहा कि सिविल अस्पताल घुमारवीं में दो ऑक्सीजन स्थापित होंगे। दोनों के लिए जमीन का निरीक्षण किया गया है। एक पीएसए ऑक्सीजन प्लांट अस्पताल परिसर पहुंच चुका है। दूसरे का कार्य प्रगति पर है। इस प्लांट से भविष्य में घुमारवीं सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी।