-राजस्थान में चुनाव प्रचार करने के बाद शनिवार को पहुंचे बिलासपुर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजस्थान में भगवा परचम लहराने के लिए प्रचार-प्रसार करने के बाद सदर विधायक त्रिलोक जमवाल दिवाली पर शनिवार को बिलासपुर पहुंचे। दोपहर बाद तक उन्होंने शहर के रौड़ा सेक्टर पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्हें दिवाली की बधाई देने के साथ ही उनका मुंह भी मीठा करवाया। उसके बाद उन्होंने डियारा सेक्टर में दुकानदारों और अन्य लोगों को खुशियों के इस पर्व की बधाई दी।
भाजपा हाईकमान ने बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिलोक जमवाल को राजस्थान के चुनाव प्रचार में अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें 17 विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन सीटों पर भगवा परचम लहराने के लिए त्रिलोक जमवाल पिछले कई दिनों से राजस्थान में पसीना बहा रहे हैं। खुशियों का त्योहार ‘अपनों’ के साथ मनाने के लिए वह शनिवार सुबह बिलासपुर पहुंचे। यहां पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने रौड़ा सेक्टर में भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की बधाई दी। उनका मुंह भी मीठा करवाया। सुबह से दोपहर बाद तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ ही उन्होंने अन्य लोगों से भी मुलाकात की। दोपहर बाद के समय उन्होंने शहर के डियारा सेक्टर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डियारा सेक्टर के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करके उन्हें भी दिवाली पर्व की बधाई दी।